गोली चलाने की घटना में संलिप्त तीन वांछित आरोपी गिरप्तार

चन्दौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में बीते साल रितेश पासवान के घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने शुक्रवार दोपहर चन्दरखा अण्डरपास के पास से गोली चलाने की घटना में शामिल तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, जिन्दा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई रॉयल इनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 17 मई 2025 को क्रिकेट खेल के विवाद और एक युवती से दोस्ती को लेकर रितेश पासवान से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी। रकम न देने पर दो बाइक से आए आरोपियों ने खजूर गांव स्थित रितेश के घर पर पहुंचकर छत की ओर फायरिंग की थी। इस संबंध में थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 302/26 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक घनश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी कहीं भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोपहर करीब 1:30 बजे ददवापर की नहर पुलिया से तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी अंकित यादव (20), निवासी नाथुपुर, थाना मुगलसराय, चन्दौली दूसरा मृत्युंजय मौर्या उर्फ गुल्लू (20), निवासी रस्तापुर भीटी, थाना रामनगर, वाराणसी तीसरा रवि किशन यादव (20), निवासी नाथुपुर, थाना मुगलसराय, चन्दौली बताया गया ।
पूछताछ में अंकित यादव ने बताया कि रवि किशन की एक लड़की से दोस्ती थी। बाद में उस लड़की की दोस्ती रितेश पासवान से हो गई। इसी रंजिश में 17 मई 2026 को फोन पर कहासुनी हुई। इसके बाद अंकित, रवि किशन, विक्की यादव उर्फ देवा, राकेश पटेल उर्फ काजू और मृत्युंजय मौर्या दो बुलेट से रितेश के घर पहुंचे। गाली-गलौज के बीच साथियों के उकसाने पर अंकित ने रितेश पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि रितेश बच गया। वारदात के बाद आरोपी बिहार के बक्सर जिले में जाकर छिप गए थे।
पुलिस ने रवि किशन के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल और 1050 रुपये नकद भी मिले।



