Slide 1
Slide 1
ब्रेकिंग न्यूज़

गोरखपुर को‌ मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा

सीएम योगी ने रखी आधारशिला

गोरखपुर। पूर्वांचल के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है।गोरखपुर को आज इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा मिला है।गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर स्थित ताल नदोर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास कर दिया है। यह स्टेडियम लगभग 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला है। यह सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है। यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम गोरखपुर को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 46 एकड़ क्षेत्रफल में तैयार किया जाएगा। लगभग 30 हजार दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सुविधाएं विकसित की जाएंगी।मुख्य मैदान में सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी । इस इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के पूरब और पश्चिम स्टैंड में लगभग 14 हजार से अधिक दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी,जबकि उत्तर और दक्षिण पैवेलियन में वीआईपी, वीवीआईपी और मीडिया के लिए विशेष सुविधाएं रहेंगी। इसके साथ ही रात्रिकालीन मैचों के आयोजन के लिए चार हाईमास्ट लाइट भी लगाई जाएंगी।सीएम योगी की घोषणा के बाद इस परियोजना पर 24 दिसंबर 2025 से काम शुरू हो चुका है।योगी सरकार द्वारा जारी पहली किस्त 63 करोड़ 39 लाख रुपये से निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के मुताबिक अब तक करीब सात प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है और दिसंबर 2027 तक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह ने इसे गोरखपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। विपिन सिंह का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनने से पूर्वांचल में खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलेगा और गोरखपुर भविष्य में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बन सकेगा।कनेक्टिविटी के लिहाज से भी यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन से जुड़ा यह स्थान एयरपोर्ट से लगभग 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर है।खिलाड़ियों और दर्शकों को यहां पहुंचने में आसानी होगी।क्रिकेट स्टेडियम निर्माण में देश की प्रमुख पेट्रोलियम कंपनियां भी सहयोग कर रही हैं।सीएसआर फंड के तहत इंडियन ऑयल कारपोरेशन 60 करोड़ रुपये, भारत पेट्रोलियम 30 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान पेट्रोलियम 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देंगी। गोरखपुर में बन रहा यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम सिर्फ एक खेल परिसर नहीं बल्कि पूर्वांचल के खेल और विकास की नई पहचान बनने जा रहा है।आने वाले समय में यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े मुकाबले आयोजित होंगे,इससे गोरखपुर की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button