प्रयागराज : नकलविहीन सम्पन्न हुई प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा : डॉ. प्रशांत कुमार
17 मण्डल मुख्यालयों पर आयोजित, एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केन्द्रों की सघन की गई निगरानी

प्रयागराज। शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा आयोजित विज्ञापन सं० 02/2022 प्रवक्ता संवर्ग के अंतर्गत कुल 18 विषयों की लिखित परीक्षा के क्रम में शनिवार को प्रथम पाली एवं द्वितीय पाली में कुल 09 विषयों की परीक्षा प्रदेश के 17 जनपदों (मण्डल मुख्यालयों) में निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई । प्रथम पाली में पूर्वान्ह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक 278 परीक्षा केन्द्रों पर भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास एवं शिक्षाशास्त्र विषयों की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि द्वितीय पाली में अपरान्ह 02:30 बजे से 04:30 बजे तक 269 परीक्षा केन्द्रों पर अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य एवं समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा सम्पन्न हुई। आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुचिता सुनिश्चित करने हेतु आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केन्द्रों की सघन निगरानी की गई। इस दौरान आयोग के सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में परीक्षा केन्द्रों पर लगाए गए ए.आई. कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत दृष्टि रखी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा पूर्णतः पारदर्शी, नकलविहीन, सुचितापूर्ण, निर्विघ्न एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न हुई। डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा के सफल संचालन में जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दिए गए सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 09 मई 2026 की लिखित परीक्षा में कुल 89,766 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 34.89 प्रतिशत तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 42.26 प्रतिशत रही।



