
पश्चिम बंगाल चुनाव में पहली बार धमाकेदार जीत के बाद अब राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर कवायद तेज हो गई है। नेता विपक्ष व बंगाल में बीजेपी की हिंदुत्व को धार देने वाले सुवेंदु अधिकारी तो रेस में सबसे आगे हैं। लेकिन पूर्व बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष, मौजूदा बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य का नाम भी उछला है। महिला चेहरों में महाभारत की रूपा गांगुली और फैशन डिजाइनर का पेशा छोड़ राजनीति में आईं अग्निमित्रा पॉल का नाम भी आ रहा है. अग्निमित्रा पॉल की छवि आक्रामक तेजतर्रार महिला नेताओं में होती है। जो ममता बनर्जी की तरह उनकी फायरब्रांड छवि को मजबूत करती है। अग्निमित्रा पॉल BJP की कद्दावर नेताओं में से उभरी हैं। वो आसनसोल दक्षिण चुनाव क्षेत्र से विधायक हैं। आसनसोल दक्षिण सीट से तृणमूल कांग्रेस के तापस बनर्जी को 40,839 वोटों के भारी अंतर से हराया। उन्हें इसी साल जनवरी में पश्चिम बंगाल भाजपा की उपाध्यक्ष बनाया गया। इससे पहले अग्निमित्रा भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। विधानसभा चुनाव में उन्होंने 2021 के टीएमसी की सायोनी घोष को हराकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था। रूपा गांगुली को महाभारत में द्रौपदी की भूमिका के लिए जाना जाता है। भाजपा की वरिष्ठ नेता रूपा गांगुली 2016 से 2022 तक राज्यसभा सांसद रहीं। रूपा ने 2026 विधानसभा चुनाव में दक्षिण 24 परगना जिले की सोनारपुर दक्षिण सीट से चुनाव जीता। पश्चिम बंगाल भाजपा की महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया था।



