
गाजीपुर। स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शारीरिक शिक्षा एवं राजनीतिशास्त्र विभाग के शोध छात्रों की पी-एच.डी. प्री-सबमिशन संगोष्ठी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) वी. के. राय ने की।संगोष्ठी में प्राचार्य प्रो. राय के निर्देशन में शारीरिक शिक्षा विभाग के चार शोधार्थियों ने अपने शोधकार्य का प्रस्तुतीकरण किया। इसके अंतर्गत अजय कुमार सिंह ने ‘स्नातक स्तर पर अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में शारीरिक शिक्षा के प्रति अभिवृत्ति एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का तुलनात्मक अध्ययन’, आशीष यादव ने ‘माध्यमिक विद्यालय के क्रिकेट एवं फुटबॉल खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता का तुलनात्मक अध्ययन’, राजबीर सिंह ने ‘सर्वे ऑफ कॉमन वॉलीबॉल इंजरीज अमंग इंटर-यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल प्लेयर्स’ और अमित कुमार अवस्थी ने ‘माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों की अधिगम क्रियाओं के विकास पर शारीरिक योगासन के प्रभावों का तुलनात्मक अध्ययन’ विषय पर अपने अध्ययन के महत्त्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित किया। वहीं, राजनीतिशास्त्र विभाग के प्राध्यापक प्रो. (डॉ.) कृष्णानन्द चतुर्वेदी के कुशल निर्देशन में शोधरत दो शोधार्थियों विशेश्वर तिवारी ने ‘प्रतिनिधित्व की चुनौतियाँ और सुधार (उ. प्र. विधानसभा के विशेष संदर्भ में)’ तथा आशुतोष पाण्डेय ने ‘पंचायती राज व्यवस्था के अंतर्गत महिला प्रतिनिधित्व (गाजीपुर जनपद के संदर्भ में)’ विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं और अब तक प्राप्त निष्कर्षों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। प्रस्तुति के उपरांत प्रो. चतुर्वेदी तथा उपस्थित प्राध्यापकों ने शोध कार्यों की अकादमिक समीक्षा की और अंतिम थीसिस जमा करने से पूर्व उसे और अधिक बेहतर बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव दिए। शोध निर्देशक के तौर पर प्राचार्य प्रो. राय ने शोधार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कई महत्त्वपूर्ण, विस्तृत और सारगर्भित दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर आई. क्यू. ए. सी. संयोजक विलोक सिंह, शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक डॉ. रामधारी राम तथा राजनीतिशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. ए. के. पांडेय एवं डॉ. एन. एन. राय सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।




