
असगर अली, ब्यूरो चीफ/ देवरिया। जनपद में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर सुबह की पाली शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के बीच पहली पाली में करीब 4224 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा 27 अप्रैल को भी आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने नकलविहीन और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिससे परीक्षा केंद्रों पर पूरी सतर्कता दिखाई दी।दो पालियों में हो रही परीक्षा, सुबह 8 बजे से प्रवेश जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा दो पालियों में कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली में लगभग 4224 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। प्रवेश के समय गेट पर एडमिट कार्ड की गहन जांच की गई। इसके बाद अभ्यर्थियों के जूते और बेल्ट उतरवाए गए। बायोमेट्रिक सत्यापन और आई स्कैनिंग के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही थी। परीक्षा देने के लिए पड़ोसी जिले कुशीनगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर समेत अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। कई परीक्षार्थी सुबह जल्दी ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। गर्मी को देखते हुए प्रशासन की ओर से पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की भी व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों ने बताया कि जांच प्रक्रिया सख्त जरूर थी, लेकिन इससे परीक्षा की पारदर्शिता बनी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक पाली में 409 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य परीक्षा सहायकों की तैनाती की गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नकल की कोशिश पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी



