Slide 1
Slide 1
कारोबारराज्य नई दिल्ली

नई दिल्ली : भारतीयों को अब फ्रांस के एयरपोर्ट्स पर मिलेगा वीजा-फ्री एयर ट्रांजिट

नई दिल्ली। भारत और फ्रांस के बीच रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। अब इन्हें और मजबूत करने के लिए एक कदम और उठाया गया है। भारतीय यात्रियों के लिए फ्रांस ने एक बड़ी सुविधा शुरू की है। भारतीयों के लिए फ्रांस में वीजा-मुक्त ट्रांजिट की सुविधा 10 अप्रैल, 2026 से लागू कर दी गई है। इस नए नियम के अनुसार, साधारण भारतीय पासपोर्ट धारकों को अब फ्रांस के हवाई अड्डों से होकर किसी तीसरे देश की यात्रा करते समय एयरपोर्ट ट्रांजिट वीजा (एटीवी) की आवश्यकता नहीं होगी। इस सुविधा का लाभ सीधे तौर पर उन भारतीय पासपोर्ट धारकों को मिलेगा, जो फ्रांस के किसी शहर से होते हुए किसी तीसरे देश की यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों को हवाई अड्डे के अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट क्षेत्र में ही रहना होगा और आव्रजन (इमिग्रेशन) पार नहीं करना होगा। इससे भारतीय यात्रियों के लिए सुगम यात्रा और समय की बचत होगी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा फ्रांसीसी सरकार ने अब यूरोपीय क्षेत्र में स्थित फ्रांसीसी हवाई अड्डों से होकर गुजरने वाले भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त ट्रांजिट सुविधा शुरू कर दी है। यह कदम प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों द्वारा फरवरी 2026 में राष्ट्रपति मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान की गई एक घोषणा के बाद उठाया गया है।

मंत्रालय ने कहा यह निर्णय भारत और फ्रांस के बीच की स्थायी साझेदारी को दर्शाता है और दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही को सुगम बनाकर ‘लोगों से लोगों के बीच के संबंधों’ को मजबूत करने सहित द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के प्रति दोनों नेताओं की गहरी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। बता दें कि वर्तमान में भारत और फ्रांस के बीच रिश्ते अपने अब तक के सबसे मजबूत स्तर पर हैं। फरवरी 2026 में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान, दोनों देशों ने अपने संबंधों को एक ऐतिहासिक ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर पर अपग्रेड किया है। वहीं अब इस फैसले को भारत-फ्रांस संबंधों में बढ़ती साझेदारी का संकेत माना जा रहा है। साथ ही, यह दोनों देशों के बीच लोगों के आवागमन को आसान बनाने और पीपल-टू-पीपल कनेक्ट को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button