कुशीनगर :एसडीएम ने मानकों के उल्लंघन पर किया स्कूल सील
मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत के क्रम में निरीक्षण करने पहुंची थीं एसडीएम

कुशीनगर। दुदही विकास खंड के चिरकुटहा के सुकुलहीं में संचालित श्री सुदामा जी स्मार्ट पब्लिक स्कूल को मानकों के विपरीत संचालन पाए जाने पर एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने शुक्रवार को सील कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत की जांच के बाद की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। एसडीएम ने कहा कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई आवश्यक मानकों का पालन नहीं हो रहा था। यह सीधे तौर पर बच्चों के भविष्य से जुड़ा मामला है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी व नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ में मौजूद बीईओ रीता गुप्ता ने बताया कि जांच में विद्यालय की व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं। कई आवश्यक सुविधाओं व व्यवस्थागत पहलुओं में कमी पाई गई। विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्चों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।अधिकारीद्वय ने कहा कि क्षेत्र में संचालित अन्य विद्यालयों की भी जांच कराई जाएगी, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।




