Slide 1
Slide 1
एजुकेशनगाजीपुर

गाजीपुर : स्कूल चलो अभियान के तहत निकाला जागरूकता रैली 

त्रिलोकी नाथ राय / गाजीपुर। भाँवरकोल। ब्लॉक संसाधन केन्द्र भाँवरकोल पर ब्लॉक स्तरीय “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना रहा।  कार्यक्रम का शुभारम्भ खण्ड शिक्षा अधिकारी रवीन्द्र सिंह द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना कर किया गया। रैली हेतु एक ई-रिक्शा को बैनर पोस्टर व गुब्बारों से सजाया गया था और उस पर साउण्ड की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर बीईओ ने उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक बच्चा विद्यालय से जुड़कर नियमित रूप से अध्ययन करेगा। रैली में 10 न्याय पंचायत के नोडल शिक्षक संकुल अपने शिक्षक साथियों के साथ अपने- अपने न्याय पंचायत का झण्डा व बैनर के साथ प्रतिभाग किए। ब्लॉक के विभिन्न प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षा विभाग अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। बच्चों ने हाथों में तख्तियां एवं बैनर लेकर “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “शिक्षा है अधिकार, नहीं रहे कोई लाचार”, “बेटी पढ़ाओ, देश बढ़ाओ”, “स्कूल चलो, भविष्य गढ़ो” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आम जनमानस को जागरूक किया। यह जागरूकता रैली बीआरसी प्रांगण से प्रारम्भ होकर जसदेवपुर मोड़, नकटीकोल, महेशपुर, कठार, निकरोजपुर, जगहतपुर, बलुवा, तराव, बदौली होते हुए बीरपुर मोड़ से पुनः वापस बीआरसी पर आकर समाप्त हुई। रैली के रास्ते में पड़ रहे स्कूलों के बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा रैली का स्वागत किया जा रहा था जिससे आम जनता का ध्यान शिक्षा की ओर आकर्षित हुआ। स्थानीय नागरिकों एवं अभिभावकों ने भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के समापन अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को यह संकल्प दिलाया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहने देंगे तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर एआरपी अमित राय, नसीम अंसारी एवं शशिभूषण श्रीवास्तव, तुलसी प्रसाद धुसिया, मु. आलिम हुसैन, अम्बिका राम, धर्मेन्द्र कुमार, रत्नाकर द्विवेदी, चिरंजीविलाल गुप्ता, संजीव पाण्डेय, झुल्लन राम, पंकज पाण्डेय इत्यादि के साथ ब्लॉक के समस्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और क्षेत्र में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button