गाजीपुर : छात्रा गंगा मौर्या बनीं एक दिन की जिलाधिकारी

डॉ एके राय / गाजीपुर। प्रदेश शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास हेतु चलाए जा रहे “मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद में “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में लूदर्स कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कालेज की कक्षा 12 की छात्रा गंगा मौर्या “एक दिन की जिलाधिकारी” के रूप में कार्य किया। छात्रा गंगा मौर्या ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनसुनवाई करते हुए जनपद के विभिन्न नागरिकों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागों को निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ विकसित करना था, जिससे वे भविष्य में समाज सेवा और शासन-प्रशासन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। “एक दिन की जिलाधिकारी” बनने के अनुभव से छात्राओं में निर्णय क्षमता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता की भावना का विकास होता है। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने छात्रा गंगा मौर्या को बधाई देते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का यह स्वरूप बालिकाओं को प्रेरित करता है कि वे बड़े सपने देखें और समाज के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि “मिशन शक्ति” अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ सशक्त बनाना है। छात्रा गंगा मौर्या ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “एक दिन की जिलाधिकारी” बनना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें यह समझ मिली कि प्रशासनिक पद पर बैठकर जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना कितना जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है। अंत में जिलाधिकारी ने यह संदेश दिया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।



