

गाजीपुर। हाइटेक कॉलेज ऑफ़ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी हंसराजपुर में प्रशिक्षणार्थियों को उत्तम और उच्चकोटिय तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिजिटल बोर्ड का सोमवार को शुभारम्भ किया गया। जेसीआई के राष्ट्रीय सलाहकार एवं वरिष्ठ पत्रकार डा.ए. के. राय ने फीता काटकर तथा रिमोट का बटन दबाकर डिजिटल बोर्ड का शुभारम्भ किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने डिजिटलाइजेशन के समय में प्रशिक्षणार्थियों को हाईटेक करने के उद्देश्य से कालेज द्वारा किए गए प्रयास की सराहना की। कहा कि कालेज के निदेशक प्रकाश गुप्ता की सोच, लगन और प्रयास का नतीजा है कि इस संस्थान से निकले छात्र छात्राएं आज देश प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। संस्थान द्वारा उच्च स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण देने और प्रशिक्षणार्थियों का मार्ग दर्शन करने हेतु प्रबंधन तथा शैक्षिक स्टाफ को बधाई दी। निदेशक प्रकाश गुप्ता ने संस्था की प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि सरकार के कौशल विकास मिशन के पाठ्यक्रमों से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उनकी रुचि के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार से जोड़ने हेतु संस्थान पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रशिक्षक चन्द्र शेखर यादव, सिराजुद्दीन अंसारी, सुरेश यादव ,विनोद कुमार जोशी, संजय भारद्वाज मुकेश कुमार, मनोज कुमार ,अमित यादव ,सुबोध यादव प्रतीक गुप्ता,ममता गुप्ता सहित काफी संख्या में प्रशिक्षणरत छात्र छात्राएं व अभिभावक जन उपस्थित रहे।




