
डॉ एके राय / गाजीपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर बिरनो थाना क्षेत्र के कहोतरी स्थित देवराहा बाबा आश्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए आशीर्वाद की कामना की। श्वेत वस्त्र धारण किए, शांत एवं ध्यानमग्न भाव से विराजमान संत, जिन्हें लोग श्रद्धा से देवराहा बाबा के नाम से जानते हैं, ने भक्तों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए विधिवत पूजन-अर्चन तथा धर्मानुसार आचरण करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि नवरात्रि का समय अत्यंत पवित्र होता है। इस दौरान श्रद्धा और सात्विक भाव से मां भगवती की आराधना करनी चाहिए। सच्चे मन से की गई पूजा कभी निष्फल नहीं जाती। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार एक बालक अपनी मां से कुछ भी मांगने में संकोच नहीं करता, उसी प्रकार हमें भी मां भगवती से अपनी मनोकामनाएं निःसंकोच व्यक्त करनी चाहिए। संत ने आगे कहा कि मानसिक शांति के लिए प्रतिदिन पूजा-अर्चना आवश्यक है। ईश्वर की आराधना से मन को शांति और संतोष की अनुभूति होती है। अंत में उन्होंने समाज में व्याप्त जात-पात, ऊंच-नीच और छुआछूत जैसी कुरीतियों से दूर रहने तथा सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।




