देवरिया : पूर्व MLC महेंद्र यादव का निधन

असगर अली/ ब्यूरो चीफ, देवरिया। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व एमएलसी महेंद्र यादव 75 वर्ष का सोमवार देर रात अंतिम सांस लिए। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही जनपद और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। सूत्रों के अनुसार, महेंद्र यादव पिछले चार दिनों से गोरखपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। सोमवार देर रात करीब दो बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव मुंडेरा में शुभचिंतकों और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसान परिवार में जन्मे महेंद्र यादव ने अपनी राजनीतिक पहचान ज़मीन से जुड़कर बनाई।उनके पिता का नाम रामअवध यादव था।वे दो भाइयों में बड़े थे। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए क्षेत्र की सेवा की।महेंद्र यादव ने 1982 से 1997 तक सदर ब्लॉक प्रमुख रहें। इसके बाद, 1997 से 2005 तक उन्होंने एमएलसी के रूप में कार्य किया। वर्ष 2011 से 2017 तक वे देवरिया भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रहे। उनके कार्यकाल को पार्टी में संगठनात्मक मजबूती के लिए याद किया जाता है। उनके परिवार में पुत्र डॉ. अभिषेक यादव हैं, जो गोरखपुर के प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं। उनकी दो पुत्रियां बिंदु यादव और पूनम यादव हैं। परिवार के सभी सदस्य विवाहित हैं। महेंद्र यादव लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। हालांकि, स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे अपने आवास पर लोगों से मिलते थे और सामाजिक-राजनीतिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेते थे।उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। लोगों ने उन्हें एक सरल, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता के रूप में याद किया। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी और जनप्रिय नेतृत्व खो दिया है।




