Slide 1
Slide 1
चंदौली

त्योहारों के मद्देनज़र भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा

चन्दौली । मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडल कार्यालय के सभागार में आगामी त्योहारों, विशेषकर ईद एवं रामनवमी के अवसर पर यात्री आवागमन के मद्देनज़र भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में स्टेशनों पर भीड़ के सुव्यवस्थित प्रबंधन हेतु उपयुक्त व्यवस्थाओं, जैसे आवश्यकता अनुसार होल्डिंग एरिया, चरणबद्ध प्रवेश एवं कतार प्रबंधन, पर चर्चा की गई। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए आरपीएफ एवं जीआरपी के समन्वित प्रयास, संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त तैनाती के बिंदुओं पर विचार किया गया।

इसके साथ ही सीसीटीवी, कंट्रोल रूम एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी, यात्री सुविधाओं जैसे पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, बैठने की व्यवस्था एवं उद्घोषणा प्रणाली के सुचारु संचालन तथा आवश्यकता अनुसार चिकित्सा सहायता की उपलब्धता पर भी बल दिया गया।

भीड़ की स्थिति में प्रवेश नियंत्रण, टिकट जांच व्यवस्था तथा यात्रियों के सुगम आवागमन के उपायों के साथ-साथ ट्रेन संचालन, ठहराव एवं आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाओं की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं आवश्यकता अनुसार सुनिश्चित रहें, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button