
गाजीपुर। एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में रविवार को “प्रेरणा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्र दर्शन करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों तथा विद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग देने वाले सम्मानित नागरिकों को सम्मानित करना था। समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई, जिसमें विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। साथ ही गाजीपुर के उन सम्मानित सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने विद्यालय के विकास और गतिविधियों में निरंतर सहयोग दिया है। विद्यालय की मैनेजर निशा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जब समाज में प्रतिभा का सम्मान होता है तो नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अधिक मेहनत करते हैं। विद्यालय के निदेशक श्री अरुण कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
इस अवसर पर पत्रकार रजत श्रीवास्तव, पत्रकार के.एन. शर्मा, पत्रकार कृपा शंकर यादव तथा पत्रकार प्रमोद सिन्हा को भी उनके पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान के लिए विद्यालय परिवार द्वारा अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य पार्था नंदी, उप-प्रधानाचार्य मुकेश सिन्हा, को-ऑर्डिनेटर शैलेंद्र राय, जयंत सिंह तथा स्वप्निल राजन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकगणों, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



