
अवैध असलहा व कारतूस बरामद
डॉ एके राय / गाजीपुर। अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत जंगीपुर थाना पुलिस द्वारा थाने पर दर्ज मुकदमे के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताते चलें कि जंगीपुर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में चल रहे सात दिवसीय ‘जग’ कार्यक्रम के दौरान गत सोमवार की शाम हौसला बुलंद हमलावरों ने विशाल यादव (23वर्ष) पुत्र रामाश्रय यादव को उस समय गोली मार दी जब वह कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ जमीन पर बैठ कर प्रसाद ग्रहण कर रहा था। हमलावरों द्वारा दिनदहाड़े चलाई गई गोली से वहां अफरा तफरी मच गई। गोली से घायल विशाल यादव को गम्भीर स्थिति में गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, परन्तु स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए चिकित्सक ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। गोली मारने के बाद आरोपी मौके फरार हो गये थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी थी। इसी दौरान बुधवार को उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाठक मय हमराह द्वारा उपरोक्त मुकदमें से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त गोल्डेश उर्फ उपेन्द्र यादव पुत्र शिवधर यादव व पवन यादव पुत्र जयराम यादव निवासीगण ग्राम मदारपुर थाना जंगीपुर गाजीपुर को कटैला तिराहा से गिरफ्तार किया गया। गोल्डेश पर कई मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध पिस्टल 32 बोर मय जिन्दा कारतुस व खोखा भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय के सुपुर्द किया गया।



