मऊ : संपूर्ण समाधान दिवस में 41 शिकायतें प्राप्त, तीन का मौके पर निस्तारण
एडीएम सत्य प्रिय सिंह की अध्यक्षता में आयोजन

अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
संवाददाता/घोसी, मऊ। तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी सत्य प्रिय सिंह ने की, जबकि उप जिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक 29 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग के चार, ब्लॉक के सात तथा आपूर्ति विभाग का एक मामला शामिल रहा।अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शेष शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी सत्य प्रिय सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।वहीं उप जिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समय सीमा के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




