गाजीपुर : योगी आदित्यनाथ ने निभाई संत सम्मान की परम्परा
होली पर मुख्यमंत्री का उपहार लेकर सिद्ध पीठ हथियाराम मठ पहुंचे सूचना अधिकारी

डॉ एके राय/गाजीपुर। सनातनी परम्परा के पावन पर्व होली के अवसर पर सिद्धपीठ हथियाराम मठ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीठाधीश्वर महंत महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति जी महाराज के लिए विशेष उपहार भेजा गया।सोमवार को जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार मठ में पहुंचे और मुख्यमंत्री द्वारा सादर भेंट किया गया उपहार महाराज श्री को भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रदेश सरकार द्वारा संत समाज के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक उपहार को महाराज श्री ने स्वीकार करते हुए राकेश कुमार को आशीर्वाद एवं धन्यवाद प्रदान किया तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हार्दिक शुभेच्छाएँ प्रकट कीं। महाराज श्री ने कहा कि धर्म और सनातन संस्कृति के संरक्षण हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी अपार क्षमता और संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने समस्त सनातन धर्मावलंबियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि यह उनके लिए गर्व और आत्मीयता का विषय है कि गाजीपुर जनपद में रहते हुए भी मुख्यमंत्री उन्हें स्मरण रखते हैं। यह संत समाज के प्रति उनकी श्रद्धा और सम्मान का प्रमाण है। महाराज श्री ने कहा कि सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए सरकार द्वारा जो भी निर्णय लिए जा रहे हैं, वे समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर महाराज श्री ने सूचना अधिकारी राकेश कुमार को अंगवस्त्र प्रदान कर आशीर्वाद दिया। होली के पावन पर्व पर धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान काफी संख्या में गणमान्य जन और भक्त जन उपस्थित रहे।




