देवरिया : ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो मजदूरों की मौत

असगर अली
देवरिया। जनपद के भाटपार रानी थाना क्षेत्र के पुरैना गांव के खेल मैदान के पास देर रात ईट भट्टे की एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से उसके नीचे दब कर दो मजदूरों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल है। देर रात, वेलपार पंडित गांव निवासी राकेश पांडे की भट्टे से मजदूर ईंट उतारकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। तभी सड़क के मोड पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर ट्रॉली समेत पलट गया। ट्रॉली पर सवार मजदूर उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन असफल रहे। बाद में भट्ठे से जेसीबी बुलाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार रानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल कुमार (25) और विकट (26) को मृत घोषित कर दिया।तीसरे घायल मजदूर कृष्ण कुमार (25) की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया।जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक और घायल तीनों मजदूर मूल रूप से बिहार के गया जिले के रहने वाले थे और पिछले कुछ समय से इस चिमनी पर मजदूरी कर रहे थे। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
थानाध्यक्ष अभिषेक राय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो मजदूरों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




