Slide 1
Slide 1
देवरियाराजनीति

देवरिया : यूजीसी के नए कानूनों के विरोध में प्रदर्शन

असगर अली
देवरिया। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नए नियमों के विरोध में आज सैकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। सवर्ण युवाओं के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में अधिवक्ताओं और सामाजिक संगठनों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारी सबसे पहले शहर के सुभाष चौक चौराहे पर एकत्र हो कर  नारेबाजी करते हुए एक जुलूस के रूप में जिलाधिकारी आवास, सिविल लाइन और कचहरी रोड होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ा। युवाओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क था। कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और जिलाधिकारी कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया गया।प्रदर्शनकारियों का मुख्य उद्देश्य जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर यूजीसी द्वारा लागू किए गए नए कानून को तत्काल वापस लेने की मांग करना था। इस दौरान ‘यूजीसी कानून वापस लो’ और ‘काला कानून नहीं चलेगा’ जैसे नारे लगाए गए।करीब आधे घंटे तक प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर डटे रहे। जब उन्हें बताया गया कि जिलाधिकारी बैठक में व्यस्त हैं और ज्ञापन नहीं ले पाएंगी, तो आंदोलनकारियों का आक्रोश बढ़ गया। नाराज प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर ही बैठकर धरना शुरू कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम लगभग दो किलोमीटर तक लग गया।स्कूल बसें, एंबुलेंस, दोपहिया और चारपहिया वाहन सभी इस जाम में फंस गए, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने लगातार आंदोलनकारियों से सड़क खाली कराने और यातायात बहाल करने की अपील करते रहे, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसी क्रम में बताते चले कि देवरिया तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सामंत कुमार मिश्र ने मंगलवार को ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा पत्र एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन को सौंपा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button