
शीबू खान
फतेहपुर। चन्द्रा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा पीरनपुर स्थित चन्द्रा बालिका इंटर कॉलेज, फतेहपुर में “मंथन-30” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के शैक्षिक, नैतिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा। चन्द्रा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की स्थापना जुलाई 1995 में प्रबुद्ध समाजसेवी एवं भावी चिंतक रामस्वरूप गुप्त द्वारा बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए की गई थी। “मंथन” प्रतियोगिता के माध्यम से कक्षा 12 तक अध्ययनरत विद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं के लिए एक प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में सामान्य ज्ञान, भाषा ज्ञान, गणित, विज्ञान एवं बुद्धि परीक्षण से संबंधित प्रश्न शामिल किए गए, ताकि छात्र अपने नियमित पाठ्यक्रम से इतर विषयों में भी ज्ञान अर्जित कर सकें। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार एवं सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश चन्द्र गुप्त एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के निर्देशन में मंथन-30 परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराया गया। इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।




