मऊ : गणतंत्र दिवस पर मंत्री ए.के. शर्मा ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी

दस हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं से बदली मऊ जनपद की पहचान
मऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने पुलिस लाइन मऊ में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मऊ सहित प्रदेश एवं देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने देश के महान महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते उनके आदर्शों एवं बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले 76 वर्षों में भारत ने विकास की लंबी यात्रा तय की है और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। मऊ के विकास पर बोलते हुए मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि एक समय मऊ की पहचान माफिया के कारण धूमिल हो रही थी। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। वर्तमान में मऊ में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं लाई गई हैं, जिनमें से कई पूर्ण हो चुकी हैं और कई प्रगति पर हैं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
नगर पंचायत अमिला में पीएम आवास योजना शहरी 2 के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र वितरित

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर पंचायत अमिला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए। योजना के अंतर्गत 1156 लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास निर्माण की प्रथम किश्त के रूप में एक लाख रुपये की धनराशि पहुंचने पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि जिन पात्र लोगों को अभी आवास का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि प्रक्रिया निरंतर चल रही है और शीघ्र ही उन्हें भी योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना से वंचित नहीं रहेगा। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ और ए.के. शर्मा की गारंटी है। कार्यक्रम के दौरान रीना देवी, सोनीगुप्ता ,लालमुनि, शांति देवी, ज्ञांती, परमी, सोनिया, सुशीला, विमला एवं प्रमिला आदि लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किया । मंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी सुखिया सहित अनीता, तेतरी, अनु, चेतन के मकान निर्माण हेतु भूमि पूजन सामूहिक रूप से किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंत्री श्री शर्माने अमिला इंटर कॉलेज स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित अलगू राय शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नगर विकास विभाग की आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण भी किया।
स्नेह मिलन एवं संवाद कार्यक्रम में ए के शर्मा ने किया प्रतिभाग

कलेक्ट्रेट मऊ में आयोजित स्नेह मिलन एवं संवाद कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन मानस से संवाद करते हुए जनपद मऊ में पिछले वर्ष के दौरान प्रस्तावित एवं प्रगति पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी साझा की। मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि दाड़ी तिराहे के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। मुंशीपुरा में पानी की टंकी के पीछे स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। झीलमहल स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण पूर्ण हो चुका है, जबकि वहां ओपन जिम का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। बरलाई के पास फूड स्ट्रीट एवं वेडिंग ज़ोन का निर्माण जल्द किया जाएगा। बंधा रोड के चौड़ीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। उन्होंने गाय घाट की तर्ज पर उसके सामने स्थित घाट के सौंदर्यीकरण का कार्य कराने का भी संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने जानकारी दी कि संस्कृत पाठशाला रोड का टेंडर हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सिटी बस सेवा शुरू करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। मऊ को शिक्षा का हब बनाने को लेकर उन्होंने इसे अपना महत्वपूर्ण विजन बताते हुए कहा कि इस दिशा में ठोस एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मऊ–बलिया रोड के चौड़ीकरण का कार्य लगभग 1500 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत हो चुका है। इसके अतिरिक्त निधियाव में 25 करोड़ रुपये की लागत से एक मॉडल स्कूल के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने उपस्थित बुद्धिजीवियों एवं नागरिकों से विकास संबंधी सुझाव आमंत्रित किए और उन्हें गंभीरता से सुना।




