
प्रमोद सिंन्हा
गाज़ीपुर। बरतर नोनहरा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होने जा रहे विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिंन्हा कुछ समय के लिए पार्टी कार्यालय समता भवन पर रूककर कार्यकर्ताओं से मिले।वहां बैठक में विधान परिषद के चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी पर विस्तृत रूप से चर्चा की। उन्होंने भाजपा के द्वारा हर चुनाव में किये जा रहे चुनावी कदाचार से सावधान रहने की हिदायत देते कहा कि भाजपा सरकार की तानाशाही का दौर है। इनकी तानाशाही के चलते लोकतंत्र और देश का संविधान खतरे में है। उन्होंने कहा कि विरोधियों को बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं यह सरकार। उनके शासनकाल में मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार बेतहाशा बढ़ी है। तहसील और थाने वसूली के केन्द्र बन गये है। किसान समय से खाद बिजली पानी के न मिलने से गंभीर संकट में है। जनता की इन समस्याओं को हल न कर यह सरकार पूंजीपतियों के हित सुरक्षित करने के साथ साथ अपने साम्प्रदायिक एजेंडों को लागू करने में व्यस्त हैं। इस मौके पर मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, अरूण कुमार श्रीवास्तव, कन्हैयालाल विश्वकर्मा,तहसीन अहमद, राजेन्द्र यादव, राजेश यादव आदि मौजूद थे।




