
गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहीमपुर गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। बीते18 जुलाई को हुए इस झगड़े में अजीमुर्रहमान नामक युवक पर लाठी-डंडों और चाकू से जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित के पिता अब्दुल समद द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, हमलावरों में तारिक महमूद, वामिक महमूद, अताउर्रहमान, महमूदूल हसन और ज्याउर्रहमान शामिल थे।
इस गंभीर घटना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया। पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन आरोपी राधाकृष्ण मंदिर के पास वाहन का इंतजार कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों महमूदूल हसन (51 वर्ष), अताउर्रहमान (35 वर्ष), और वामिक महमूद (21 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बाकी वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।




