सत्ता में लौटने के बाद युवाओं के लिए पुनः सेना भर्ती कराने का काम होगा- मनोज सिंह डब्लू

युवाओं के लिए दौड़ का किया गया आयोजन
चन्दौली। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि युवा देश के भविष्य हैं और देश के भविष्य के साथ किए हुए वादे को कभी भूलना नहीं चाहिए। धानापुर में दौड़ का युवाओं से वादा था, जो मौसम की बेरूखी के कारण टल गया था, जिसे आज पूरा किया जा रहा है। धानापुर खेल मैदान पर जमा हुए युवाओं के जोश व जज्बा ने बता दिया कि उन्हें बस एक मौके की दरकार है, जिसे मुहैया कराने में सरकार नाकाम रही है। इन युवाओं व उनके परिजनों ने जिन जनप्रतिनिधियों को वोट देकर सत्ता की ताकत दी, वे उन्हें देश सेवा का मौका दिलाने में विफल रहे। उक्त बातें पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने धानापुर स्थित अमरवीर इंटर कालेज में आयोजित दौड़ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए लड़ी जा रही लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। भरोसा दिया कि सत्ता में लौटने के बाद युवाओं के लिए पुनः सेना भर्ती कराने का काम होगा, ताकि युवाओं को सेना में भर्ती का सपना पूरा हो सके। युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं रोजगार को मुहैया कराना प्राथमिकता है। इस दौरान बालक एवं बालिका वर्ग में छह-छह राउंड की दौड़ हुई। उक्त प्रतियोगिता में अव्वल आए चनहटा के बाबूलाल को मोटरसाइकिल व बालिका वर्ग में अव्वल रही जमुनीपुर की मनीषा राय को मनोज सिंह डब्लू ने स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं छह बालक और छह बालिकाओं को साइकिल प्रदान किया गया। इसके अलावा द्वितीय व तृतीय स्थान पर आए अभ्यर्थियों शील्ड, मेडल व नकद राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही पूर्व विधायक ने युवाओं को आश्वस्त किया कि अगले साल पुनः दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करेंगे, जिसमें 25 बालक एवं बालिकाओं को साइकिल तथा पांच-पांच युवक-युवतियों को मोटरसाइकिल प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही दौड़ में अव्वल आने वाले बालक एवं बालिकाओं को चार चक्का वाहन प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर रामजनम यादव, रमेश यादव, मेराज खान लड्डू, शाहआलम खान, जानकी यादव, सहरेआलाम खान, रामधनी यादव, संदीप गुप्ता, अखिलेश सिंह, सूर्यपाल सिंह, रजनीश सिंह, सुरेश यादव, रामदुलारे कनौजिया, महंगु राम आदि उपस्थित रहे। संचालन आतिफ खान ने किया।





