बलिया:कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व की तैयारियों का डीएम और एसपी ने लिया जायजा

राकेश महाजन
बलिया।आगामी कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिले में तैयारियों को तेज कर दिया गया है। सोमवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शिवपुर घाट का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्नान घाट पर आने वाले आबादी क्षेत्र वाले रास्तों पर कुछ स्थानों पर ढीले लटके तारों को देखकर डीएम ने तुरंत उन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही घाट पर प्रकाश व्यवस्था, साउंड सिस्टम और पार्किंग व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित रहे। उन्होंने निर्देश दिया कि जनरल और वीआईपी पार्किंग का कार्य आज शाम तक पूरा कर लिया जाए। घाटों पर बैरिकेटिंग के साथ नावों की तैनाती की जाए और आरती स्थल पर मंच का निर्माण कराया जाए। डीएम ने विशेष रूप से कहा कि गंगा किनारे और आने-जाने वाले रास्तों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार चार से पांच स्थानों पर हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएं। उन्होंने कहा कि जेसीबी की संख्या बढ़ाकर लेवलिंग कार्य आज ही पूरा करने के निर्देश दिए और वीआईपी रोड का चौड़ीकरण कार्य भी आज ही पूर्ण करने को कहा।




