देवरिया : नवागत एडीएम प्रशासन ने संभाली कमान, जनसुनवाई और पारदर्शिता पर रहेगा जोर

अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के संयुक्त CEO रह चुके हैं श्री सिंह
असगर अली
देवरिया। जनपद में नवागत अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के रूप में प्रेम नारायण सिंह ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक समय से पहुँचना और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी सिंह इससे पूर्व अयोध्या तीर्थ विकास परिषद में संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात रहे हैं। अयोध्या के तीर्थ विकास अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं शासन की महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। उनके इस अनुभव का लाभ अब देवरिया जनपद को मिलने की उम्मीद है।कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत कार्यालयी कार्यों की समीक्षा करते हुए नवागत एडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसमस्याओं का समाधान केवल फाइलों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर अनावश्यक विलंब करने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को आम जनता के लिए अधिक सुलभ बनाया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। राजस्व मामलों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए तथा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ कर जनपद के विकास को नई दिशा दी जाएगी।




