आजमगढ़:गोवंश की सुरक्षा के लिए शुरू किया रेडियम पट्टा अभियान

गोविन्द लाल शर्मा
आज़मगढ़।अतरौलिया नेशनल हाइवे 233 पर बेसहारा गोवंशों के कारण रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोहरा से लेकर छितौनी तक बड़ी संख्या में पशु खुले में घूमते हैं। रात के समय अंधेरे में ये पशु सड़क पर बैठ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते और दुर्घटनाएं होती हैं।कई पशु हादसों में घायल या अपाहिज हो चुके हैं।इन्हीं घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत और आइडियल पत्रकार संगठन ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। इसके तहत पशुओं के गले में रेडियम पट्टा लगाया जा रहा है ताकि वे दूर से ही दिखाई दें और सड़क दुर्घटनाओं से बच सकें।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।पत्रकार संगठन के सदस्यों ने कहा कि समाज हित में बेजुबान पशुओं की मदद करना उनका दायित्व है। व्यापारी अमित कुमार जायसवाल ने अपील की कि जो लोग पशुओं को छोड़ते हैं वे उनसे संपर्क करें, उन्हें रेडियम पट्टा उपलब्ध कराया जाएगा।इस अभियान में दरोगा विनय कुमार यादव, गोविंद मौर्य, पत्रकार प्रवीण कुमार, राजेश सिंह, आशीष कुमार, आकाश मोदनवाल, सूरज सिंह, जय नारायण और अन्य लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे।




