बलिया:25 पंचायत में पंचायत भवन निर्माण में लापरवाही,डीएम ने कई अफसरों का रोका वेतन

बलिया। जिलाधिकारी श्री मंगला प्रसाद सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम पंचायत में पंचायतों में पंचायत भवन के निर्माण प्रगति की समीक्षा बैठक की। जिसमें 25 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन के निर्माण के लिए भूमि चिन्हीकरण में लापरवाही बरतने पर संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल, सचिव, खण्ड विकास अधिकारी एवं एडीओ (पं) का वेतन रोकने के निर्देश डीएम ने दिया है। इस कार्यवाही से प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी है। बैठक में जिला पंचायतराज अधिकारी ने कहा कि 25 ग्राम पंचायतें ऐसी हैं। जहां पर भूमि उपलब्ध न होने के कारण पंचायत भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जिलाधिकारी ने इन 25 ग्राम पंचायतों के लेखपालों, कानूनों, सचिव ग्राम पंचायत एवं तहसीलदार से भूमि की उपलब्धता के लिए अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी प्राप्त करने पर पाया कि भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कर पंचायत भवन के निर्माण के लिए प्राथमिकता के आधार पर विशेष ध्यान देते हुए ठीक प्रकार से प्रयास नहीं किया गया। लापरवाही पाए जाने पर इन 25 ग्राम पंचायतों के सचिव, लेखपाल, कानूनगो, नायब तहसीलदार, उप जिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी बांसडीह, उप जिलाधिकारी बैरिया, तहसीलदार सदर, तहसीलदार बांसडीह, तहसीलदार बैरिया एवं संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), खण्ड विकास अधिकारी दुबहर, खण्ड विकास अधिकारी रेवती, खण्ड विकास अधिकारी बांसडीह, खण्ड विकास अधिकारी सोहाव, खण्ड विकास अधिकारी बैरिया, खण्ड विकास अधिकारी हनुमानगंज, खण्ड विकास अधिकारी गड़वार, खण्ड विकास अधिकारी बेरूआरवारी एवं खण्ड विकास अधिकारी मुरलीछपरा का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए कहा कि वेतन तब तक आहरित नहीं होगा। जब तक भूमि चिन्हित नहीं कर लिया जाता। 10 जुलाई तक पंचायत भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाय।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन, संबंधित उप जिलाधिकारीगण एवं तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, लेखपाल, सचिव तथा संबंधित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।




