
रोहतास से सुशील कुमार की रिपोर्ट…
विश्वविख्यात बाबा रोहतास जिला के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुप्तेश्वरनाथ- गुप्ता धाम का सर्वांगीण विकास हेतु रविवार को बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने ₹14.91 करोड़ की लागत से इको-पर्यटन योजना का शिलान्यास व उद्घाटन किया। स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने कहा कि यह योजना उनकी पहल और एनडीए सरकार के पर्यटन स्थलों को विकसित करने के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने जानकारी दी कि गुप्ता धाम परिसर में शीघ्र ही सौंदर्यीकरण, एयर वेंटिलेशन, एलईडी लाइटिंग,आधुनिक धर्मशाला, दुकानों का निर्माण, सड़क बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत तथा यात्री शेड निर्माण जैसे कार्य प्रारंभ होंगे। दुर्गावती जलाशय में पर्यटकों के लिए हाउस बोट क्रूज सुविधा का भी शुभारंभ किया गया, जिससे यहाँ के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि आज से पर्यटक दुर्गावती जलाशय में हाउस बोट क्रूज का आनंद भी ले सकेंगे, जो यहाँ आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को कश्मीर और केरल जैसी सुविधाओं का अनुभव कराएगा। बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




