आजमगढ़: पुलिस मुठभेड़ में शातिर गांजा तस्कर घायल

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। थाना अतरौलिया पुलिस और एसओजी टीम ने 15 जुलाई को मुठभेड़ के दौरान दो शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के कब्जे से 15 किलो 350 ग्राम अवैध गांजा, दो देशी तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। 15 जुलाई को थानाध्यक्ष अतरौलिया अमित कुमार मिश्रा और एसओजी प्रभारी मनीष पाल को सूचना मिली कि दो बदमाश मोटरसाइकिल पर मडियापार-अहरौला मार्ग से अवैध सामान लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने ग्राम जमीन अगया के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान मोटर साइकिल सवार दो व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन बारिश के कारण खदेरुपट्टी के पास उनकी मोटर साइकिल फिसल गई। एक अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की। इस मुठभेड़ में अभियुक्त सचिन पाण्डेय के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों अभियुक्तों, सचिन पाण्डेय उर्फ आकृति पाण्डेय और नरसिंह यादव, को 12:35 बजे हिरासत में लिया गया। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए सीएचसी अतरौलिया भेजा गया।




