अफवाह या आतंकी साजिश? आगरा एयरपोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी,सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

आकाश वर्मा
आगरा। ताजमहल में बम रखने और धमाका होने के बाद अब आगरा के खेरिया एयरपोर्ट को विस्फोटक से उड़ाने की धमकी का ईमेल आया है। इस साल तीसरी बार खेरिया एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल आया है। जिससे एयरपोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी का अभियान चलाया जा रहा है। इस बाबत आगरा के खेरिया एयरपोर्ट की टर्मिनल मैनेजर अनुष्का सिंह और मुख्य सुरक्षा अधिकारी सुकृति निगम ने शाहगंज थाना में तहरीर दी है। शाहगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विरेश पाल गिरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है।आगरा खेरिया एयरपोर्ट पर टर्मिनल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी सुकृति निगम के तहरीर के मुताबिक शनिवार 29 जून को आगरा एयरपोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी apd-agra@aai.aero पर नामक संदिग्ध ईमेल आईडी roadkillandkyonkill@atomicmail.io से धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में लिखा था कि एयरपोर्ट के चारों ओर बैग्स और शक्तिशाली विस्फोटक डिवाइस छिपाई गई हैं। इसलिए यदि तुरंत इमारत खाली नहीं की गई तो अंदर मौजूद लोगों के हाथ पैर उड़ जाएंगे या जान से हाथ धो बैठेंगे। ईमेल में दावा किया कि ‘रोडकिल’ और ‘क्यो’ इस हमले के पीछे हैं। यह धमकी भरा ईमेल केवल आगरा ही नहीं, बल्कि देश के अन्य एयरपोर्टर्स को भी भेजा गया है। इस पर ईमेल की एक प्रति शाहगंज थाना पुलिस को सौंपी गई है। साथ ही जांच के आदेश दिए गए हैं। आगरा एयरपोर्ट को विस्फोटक से उड़ाने की धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। एयरपोर्ट की सुरक्षा संभाल रही सीआईएसएफ ने एयरपोर्ट परिसर की तलाशी का अभियान शुरू कर दिया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से संयम बनाए रखने की अपील की है। एयरपोर्ट को विस्फोटक से उड़ाने की धमकी का ईमेल आने की शिकायत पर आगरा पुलिस कमिश्नरेट भी अलर्ट है। आगरा पुलिस ने एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के आए ईमेल के बारे में सभी सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी है।




