सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फेक अकाउंट बना माहौल खराब करने वालों पर रखें पैनी नजर: CM योगी

विकास परियोजनाओं को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराए
सुशील कुमार मिश्र/ वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे के दौरान गुरुवार को वाराणसी सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जनपद में गतिमान परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर पूरा कराए जाने पर विशेष जोर दिया।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सड़क की जद में आने वाले धर्मस्थलों को स्थानीय लोगों से वार्ता कर आसपास उपयुक्त स्थल चिह्नित कर विधि विधान के साथ स्थापित कराएं। कार्यदायी संस्थाएं समय पर कार्य कराना सुनिश्चित करें अन्यथा कारवाई सुनिश्चित की जायेगी। शहर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि वाराणसी स्वच्छता में कत्तई पीछे नहीं रहना चाहिए। वाराणसी स्वच्छता में टॉप फाइव सूची में अवश्य होना चाहिए। इसके लिए नगर आयुक्त को नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाए जाने हेतु निर्देशित किया। हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा लाए गए नए बिल्डिंग वाइलॉज की जानकारी आम जन को हो सके, इसका व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कराए जाने का निर्देश दिया। इसके लिए सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया, जनता के बीच जगह जगह पर सेमिनार आदि आयोजित कराए जाने पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण कार्य को बरसात के तत्काल बाद शुरू कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने वाराणसी को टीबी मुक्त किए जाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जाने का निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए। जनप्रतिनिधियों का इसमें सहयोग लेने तथा अभियान का हिस्सा बनाए जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने नवंबर, 2025 तक जिले को पूरी तरह टीबी मुक्त किए जाने पर विशेष जोर दिया। जिले में निर्वाह विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने हेतु विद्युत विभाग को निर्देशित किया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की परिषदीय विद्यालयों में लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत बच्चों का नामांकन कराए जाने का निर्देश दिया। कोई भी विद्यालय अध्यापक विहीन न रहे, इसके लिए सभी विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में अध्यापकों की तैनाती सुनिश्चित हो। सभी बच्चों को स्कूली बैग, जूते मोजे, ड्रेस आदि की उपलब्धता प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराए जाने का भी निर्देश दिया।मुख्यमंत्री ने कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फेक अकाउंट बनाकर माहौल खराब करने वालों पर पैनी नजर रखे और ऐसे लोगों से सख्ती से निपटे। जातिय वैमनस्यता, अराजकता फ़ैलाने वाले, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्त्वों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने लोकल इंटलीजेंस, पुलिस विटो को और प्रभावी बनाने हेतु निर्देशित किया। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब संचरण पर रोक लगाने, नशा के अवैध कारोबार को ध्वस्त करने हेतु ठोस कार्यवाही किए जाने का निर्देश दिया।




