आजमगढ़ में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तर्जनपदीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 103 चोरी के मोटरसाइकिल टायर, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो कारें, 5 मोबाइल फोन और 2,620 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये है।पुलिस के अनुसार, जनपद आजमगढ़ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में टायर चोरी की घटनाएँ लगातार हो रही थीं। इनमें निजामाबाद, सरायमीर और कोतवाली थानों में दर्ज मामले शामिल हैं, जिनमें दुकानों से टायर, रिम और अन्य सामान चोरी किए गए थे। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।10-11 अक्टूबर की रात को थाना प्रभारी हीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर गन्धुवई कोल्ड स्टोर के पास दो कारों (मारुति अल्टो और रेनॉल्ट क्वीड) में सवार 5 संदिग्धों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे 6 लोगों का गिरोह बनाकर दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करते थे और सामान को सस्ते दामों में बेच देते थे। गिरोह का एक अन्य सदस्य सुधीर चौहान फरार है, जिसकी तलाश जारी है।




