Slide 1
Slide 1
उत्तर प्रदेशमऊराजनीति

मऊ : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित अलगू राय की जयंती पर मंत्री एके शर्मा ने किया नमन

मऊ का भविष्य सुरक्षित हाथों में रहे सजग रहने की जरूरत

मऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर पालिका कम्युनिटी हाल में आयोजित महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान सभा सदस्य स्वर्गीय पंडित अलगू राय शास्त्री की जयंती पर नमन करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों का जीवन और विचार आज भी लोकतंत्र, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। श्री शर्मा ने कहा कि मऊ का अतीत अत्यंत गौरवशाली रहा है। एक समय राजनीतिक भटकाव के कारण जनपद को भारी नुकसान उठाना पड़ा और जो कार्य समय पर होने चाहिए थे, वे नहीं हो सके। एक दौर ऐसा भी आया जब मऊ पूरी तरह माफियाओं की गिरफ्त में चला गया था। इससे कानून व्यवस्था कमजोर हुई, शिक्षा और व्यापार प्रभावित हुए। वर्तमान सरकार की सख्त नीतियों, निर्णायक कार्रवाई और जीरो टॉलरेंस के चलते आज मऊ माफिया मुक्त हो चुका है। अब सभी को सजग रहते हुए इस उपलब्धि को स्थायी बनाना होगा, ताकि मऊ की पहचान भय नहीं बल्कि विकास और विश्वास से बने।
मंत्री शर्मा ने विश्वास दिलाया कि अब मऊ के विकास को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि पूर्व में शिक्षा का अवमूल्यन हुआ, जिसके कारण युवा पीढ़ी गलत रास्तों की ओर भटकती गई। वर्तमान सरकार बच्चों और युवाओं को अपराध के दलदल से निकालकर गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अमिला में आकांक्षी नगर विकास योजना के अंतर्गत एक भव्य डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण हो चुका है, जहां बच्चे आधुनिक तकनीक के माध्यम से अध्ययन कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने नगर पालिका परिषद मऊ में बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी का नामकरण पंडित श्याम नारायण पांडेय के नाम पर करने की घोषणा की। और कहा कि यदि पंडित श्याम नारायण पांडेय न होते, तो महाराणा प्रताप इतिहास में उतनी मजबूती से अमर न हो पाते। अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने बहुउद्देशीय भवन ‘मंगलम’ तथा गायघाट के सुंदरीकरण कार्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं मऊ को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाएंगी। मऊ अब अराजकता या अपराध से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और समग्र विकास के लिए जाना जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों सगुना सिंह, अभिमन्यु मल्ल, श्यामसुंदर मिश्र, हरगोविंद राय, रघुवर कुर्मी, अब्दुल लतीफ नोमानी, राजकिशोर गुप्ता, शारदानंद वर्मा, रामविलास पांडेय, बाबू उमराव सिंह सहित अन्य सेनानियों के परिजनों को मंत्री श्री शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान देश की आज़ादी के लिए किए गए त्याग और बलिदान के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राम जी उपाध्याय ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज राय, ऋषिकेश राय, अतुल राय, धनंजय सिंह, देव प्रकाश राय, सुजीत सिंह, हौसला प्रसाद उपाध्याय, शारदानंद, अमरेश पांडेय, रामाश्रय राय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

पंडित अलगू राय शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण व सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान सभा सदस्य स्वर्गीय पंडित अलगू राय शास्त्री की जयंती के अवसर पर मऊ बस डिपो का नामकरण जनभावनाओं के अनुरूप “पंडित अलगू राय शास्त्री बस स्टेशन” के रूप में किया। इस अवसर पर उन्होंने बस स्टेशन परिसर में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अतिथि गृह का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय पंडित अलगू राय शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण करते हुए बस स्टेशन परिसर में विकसित किए गए मिनी पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया। अपने संबोधन में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि उनके जीवन के लगभग दस वर्ष इस बस स्टेशन से जुड़े रहे हैं, जिसके कारण इसका उनके साथ एक विशेष भावनात्मक लगाव है। उन्होंने कहा कि इसी विशेष लगाव और जनभावनाओं के सम्मान में परिवहन विभाग के सहयोग से इस बस स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। उन्होंने इस कार्य के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार भी व्यक्त किया।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में की सहभागिता
मंत्री ए.के. शर्मा ने प्राथमिक विद्यालय काझाखुर्द, जनपद में बूथ संख्या 169, 170 एवं 171 पर आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं और यदि किसी कारणवश नाम छूट गया हो तो उसे शीघ्र जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें।उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से आह्वान किया कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही एक सशक्त, जागरूक और मजबूत लोकतंत्र का निर्माण संभव है। आमजन से अपील की कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button