Slide 1
Slide 1
ब्रेकिंग न्यूज़

नई दिल्ली : पत्रकारों की रेल रियायत बहाली के लिए प्रेस परिषद ने तेज की पैरवी

नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाल कराने के लिए भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) ने अब अपनी पहल तेज कर दी है। इस मुद्दे पर वर्ष 2020 से लगातार पत्राचार कर रही परिषद ने रेल मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों से सीधे वार्ता के लिए तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है। परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई के निर्देश पर गठित यह प्रतिनिधिमंडल पत्रकारों को पूर्व में मिलने वाली रेल किराया रियायत फिर से शुरू करने की मांग उठाएगा। यह जानकारी बुधवार को परिषद के वरिष्ठ सदस्य रजा हुसैन रिजवी ने दी।रिजवी के अनुसार, इस मामले में प्रेस परिषद की पहल का सिलसिला 24 दिसंबर 2020 से शुरू हुआ था, जब परिषद ने पत्रकारों को रेल किराये में मिलने वाली रियायत बहाल करने के लिए रेलवे बोर्ड के समक्ष मामला उठाया था। दरअसल, कोविड महामारी के दौरान पत्रकारों को मिलने वाली यह सुविधा बंद कर दी गई थी। इसके बाद देशभर के पत्रकार संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों ने इसे पुनः शुरू करने की मांग उठाई।

इस पर रेलवे बोर्ड ने चार जुलाई 2023 को अपने जवाब में बताया था कि वर्ष 2019-20 में यात्रियों को टिकटों पर कुल 59,837 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई थी, जो औसतन 53 प्रतिशत रियायत के बराबर थी। बोर्ड ने यह भी कहा था कि दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों और मरीजों जैसी कुछ श्रेणियों के लिए अतिरिक्त रियायतें जारी हैं। रेलवे बोर्ड के इस जवाब पर स्पष्टीकरण मांगते हुए प्रेस परिषद ने 24 जुलाई 2023 को पुनः पत्र लिखा। इसके बाद परिषद ने 23 अक्टूबर 2024 को रेल मंत्रालय को अनुस्मारक भेजकर पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाल करने का आग्रह दोहराया। परिषद ने अपने पत्र में कहा कि समाचार संकलन, फील्ड रिपोर्टिंग और देश के विभिन्न हिस्सों में होने वाले आयोजनों की कवरेज के लिए पत्रकारों को व्यापक स्तर पर यात्रा करनी पड़ती है। रियायत बंद होने से विशेषकर सीमित संसाधनों में काम करने वाले पत्रकारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस दिशा में अगला महत्वपूर्ण कदम 16 जुलाई 2026 को उठाया गया, जब प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित कर रेल मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करने का निर्देश दिया। इसके क्रम में परिषद की सचिव शुभा गुप्ता की ओर से चार अगस्त 2026 को जारी पत्र में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम घोषित किए गए। इसमें परिषद के सदस्य गुरिंदर सिंह, अरुण कुमार त्रिपाठी और डॉ. के. श्रीनिवास राव शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुरिंदर सिंह करेंगे। परिषद ने अपने नवीनतम पत्र में भी रियायत बहाली की जरूरत पर जोर देते हुए कहा है कि प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के स्तर को बनाए रखने के लिए ऐसा वातावरण जरूरी है, जिसमें पत्रकार आर्थिक एवं व्यवस्थागत बाधाओं के बिना अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। प्रेस जनता तक सूचनाएं पहुंचाने, शासन-प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में रेल किराये में रियायत की बहाली पत्रकारों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button