वाराणसी: पिता-पुत्र के विवाद में चली लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली, पुत्र घायल, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

वाराणसी। भेलूपुर थाना अंतर्गत महमूरगंज स्थित लोहित रेजिडेंसी न्यू कॉलोनी में शुक्रवार को पिता-पुत्र के विवाद के दरमियान लाइसेंसी रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से 32 वर्षीय प्रवीण कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया उनका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बिंदा सिंह का किसी बात को लेकर अपने बेटे प्रवीण कुमार सिंह से विवाद हो गया। इसी बीच प्रवीण अपने पिता का लाइसेंसी रिवॉल्वर ले आए। रिवॉल्वर को लेकर दोनों के बीच छीना-झपटी होने लगी। तभी अचानक गोली चल गई और प्रवीण को लग गई।
गोली चलने की आवाज से घर में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और घायल प्रवीण को अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में रिवॉल्वर को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुई छीना-झपटी के दौरान गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और गोली चलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



