गाजीपुर : बीआरसी पर सैकड़ों शिक्षकों को बाल- केंद्रित शिक्षण तकनीकों का मिला प्रशिक्षण

निपुण भारत मिशन को गति: एफएलएन का समापन
त्रिलोकी नाथ राय /मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय बीआरसी सभागार में प्राथमिक शिक्षकों के लिए आयोजित एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान) प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हो गया। करीब डेढ़ माह चले प्रशिक्षण में पांच-पांच दिवसीय 12 बैच संचालित किए गए। अंतिम दिन 11वें और 12वें बैच का प्रशिक्षण पूरा हुआ। प्रशिक्षण में ब्लॉक के सैकड़ों प्राथमिक शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। उन्हें निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों में भाषा और गणित की बुनियादी दक्षता विकसित करने की प्रभावी तकनीकों से परिचित कराया गया। मुख्य संदर्भदाता कृष्णानंद राय, समरेंद्र बहादुर, दिनेश कुमार, भावना राय एवं विनय तिवारी ने खेल-खेल में शिक्षण, नई टीएलएम के उपयोग, एनसीईआरटी की नई पुस्तकों और बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया, ताकि बच्चे भाषा और गणित की अवधारणाओं को सहज और रुचिकर तरीके से समझ सकें। शिक्षकों को कक्षा में बच्चों की रुचि और सीखने की गति के अनुरूप शिक्षण पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। समापन अवसर पर संदर्भदाता कृष्णानंद राय ने कहा कि बुनियादी शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव है। प्राथमिक स्तर पर भाषा और गणित की मजबूत समझ आगे की शिक्षा को आसान बनाती है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण का असर कक्षा-कक्ष में बच्चों के सीखने के स्तर पर दिखाई देगा और मोहम्मदाबाद ब्लॉक को ‘निपुण ब्लॉक’ बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी।



