गाजीपुर : सेवा संकल्प अभियान को लेकर डीएम अनुपम शुक्ला ने की बैठक

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विविध कार्यक्रम
गाजीपुर ( विवेकानंद राय ) । जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक व्यापक जनभागीदारी के साथ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूल वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रमुख विकास कार्यों एवं अवस्थापना परियोजनाओं, शिक्षण संस्थानों, पंचायत सचिवालयों और अन्नपूर्णा भवन सहित अन्य स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। विद्यालयों में ड्राइंग, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा शिविर, स्वास्थ्य मेले, मानव समूह एवं रंगोली जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश की जनोपयोगी एवं वृहद अवस्थापना परियोजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अभियान के कार्यक्रमों का सफल एवं समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजित कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं वीडियो समय से पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वि./रा. वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
।



