गाजीपुर : वीर अब्दुल हमीद का शौर्य पीढ़ियों को सदैव देगा प्रेरणा – केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ

दो केंद्रीय राज्य मंत्रियों ने वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
गाजीपुर ( विवेकानंद राय )। परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर गुरुवार को उनका पैतृक गांव धामूपुर देशभक्ति के रंग में रंग गया। उनकी स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय पहुंचे। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने भारत माता के जयकारों के बीच देश के इस वीर सपूत के शौर्य और बलिदान को याद किया।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का साहस भारतीय सेना की वीरता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। 1965 के भारत-पाक युद्ध में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन के कई टैंकों को ध्वस्त किया और देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका शौर्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद 10 सितंबर 1965 को भारत-पाक युद्ध के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए थे। युद्ध में उनके अद्वितीय पराक्रम और अदम्य साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। भारतीय सेना ने हर चुनौती का सामना पूरी वीरता और साहस के साथ किया है। 1965 और 1971 के युद्ध, कारगिल युद्ध से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारतीय जवानों ने दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में स्वदेशी हथियारों और रक्षा तकनीक की क्षमता ने दुनिया के सामने भारत की बढ़ती सैन्य ताकत का परिचय कराया है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ बड़ी मात्रा में रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। परमवीर चक्र एवं अन्य वीरता पुरस्कारों से सम्मानित वीर सैनिकों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालयों के बच्चों एवं युवाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चियों द्वारा देशभक्ति गीत, गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने शहीद वीर अब्दुल हमीद के अदम्य साहस एवं देशभक्ति का संदेश प्रस्तुत किया। परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर योगेन्द्र सिंह यादव ने भी शहीद वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वीर अब्दुल हमीद की वीरता एवं अदम्य साहस को नमन करते हुए युवाओं से राष्ट्रहित में समर्पण एवं अनुशासन की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सेना के वीर जवान, वीरता पुरस्कार से सम्मानित सैनिक एवं उनके परिजन तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
– समाचार स्रोत, सूचना विभाग




