Slide 1
Slide 1
Blog

कानपुरः भाइयों को राखी बांधकर बहनों ने मांगा रक्षा का वचन

जेलों में बंद भाइयों को राखी बांधने के लिए लगी रही लाइन, फतेहपुर की पूर्व सांसद साधवी ज्योति निरंजन ने भाई मुख्तार अब्बास नकवी को बांधी राखी

आसिफ हुसैनः कानपुर/फतेहपुर। भाइयों पर बहनों का प्यार लुटा देने वाला त्योहार रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया गया। हजारों हिंदू बहनों ने अपने मुस्लिम भाइयों की कलाई पर भी राखी सजाकर उनसे उपहार लिए। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षा का भी संकल्प लिया। जेलों में कैद भाइयों को राखी बांधने के लिए बहनों की लाइन लगी रही। सभी बहनों ने इच्छा जताई कि जल्दी ही उनके सभी भाई जेलों से छूट जाएं और अगले साल राखी बांधने के लिए उनको जेल न आना पड़े। वह अपने भाइयों को हंसी खुशी राखी घरों में ही बांध सकें।

फतेहपुर की पूर्व भाजपा सांसद व राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष साधवी ज्योति निरंजन ने अपने मुंह बोले भाई व पूर्व सांसद मुख्तार अब्बास नकवी को राखी बांधी। कानपुर में बारिश के बाद भी रक्षा बंधन पर सड़कें गुलजार रहीं। हालांकि महिलाओं को साधनों के लिए परेशान होना पड़ा। ऑटो, टेंपो और ईरिक्शा वालों ने भी आज मुंह मांगे पैसे लिए। रोडवेज बसों में तो महिला और एक पुरुष साथी के लिए मुफ्त सुविधा थी लेकिन कई रूटों पर बसें कम होने की वजह से महिलाओं को घंटे इंतजार करना पड़ा।  शहर में मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ लगी  रही। बहनों ने राखी बांधकर अपने भाइयों का मुंह मीठा कराया।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अपने आवास पर रक्षाबंधन मनाया। बड़ी संख्या में बहनों ने विधायक के घर पर उन्हें रक्षा सूत्र (राखी) बांधा और उनकी लंबी उम्र व स्वास्थ्य की कामना की।​विधायक ने सभी बहनों का पूरे स्नेह और आदर के साथ स्वागत किया तथा उन्हें उपहार भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया।

​विधायक ने कहा कि “रक्षाबंधन केवल एक धागा बांधने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भाइयों और बहनों के बीच अटूट प्रेम, सम्मान और विश्वास का प्रतीक है। मेरी बहनें मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं। समाज की हर बहन की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा करना मेरा परम कर्तव्य है। इसके अलावा सांसद और अन्य विधायकों ने भी बहनों से राखी बंधवाई। कई पार्टियों के जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने भी अपने क्षेत्रों में जाकर बहनों से राखी बंधवाई।

 

ASIF HUSAIN

ASIF HUSAIN EDITOR मैंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से हिंदी साहित्य में परास्नातक (मास्टर) करने के बाद ट्रांसलेशन में पीजी डिप्लोमा किया। इसके बाद पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया। 1997-98 में राष्ट्रीय सहारा में ट्रेनिंग की। इसके बाद 1998 में अमर उजाला कानपुर में ज्वाइन किया। अमर उजाला में कानपुर में रिपोर्टिंग की। गाजीपुर, चंदौली, भदोही, इटावा में ब्यूरोचीफ के पद पर रहा। इसके अलावा मुरादाबाद में संभल डेस्क प्रभारी रहा। झांसी में देहात डेस्क प्रभारी रहा। साथ में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग की। 2023-24 में अमर उजाला में सीनियर सब एडिटर पद से स्वैच्छिक रिटायरमेंट लिया। इसके बाद अपना यूट्यूब चैनल ‘ब्रिलियंट टाइम’ नाम से बनाया। वीकली अखबार भी इसी नाम से निकाला। ‘द्वाबा सम्राट हिंदी दैनिक’ में देश और विदेश पर लेख लिखे। वर्तमान में हिंदुस्तान संदेश से बतौर एडिटर जुड़ा हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button