Slide 1
Slide 1
Blog

कानपुरः नबी की शान में 26 को निकाला जाएगा जुलूस-ए-मोहम्मदी

डीजे नहीं, बाइक पर नाते पाक का नजराना पेश करने की अंजुमनों से अपील, पिकअप पर डीजे के साथ बच्चों को बैठाने पर होगी सख्ती, जमीयत उलमा ने पुलिस प्रशासन के साथ बैठक कर बनाई रणनीति

कानपुर। जमीयत उलमा शहर कानपुर की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी शांतिपूर्वक निकालने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ बैठक की गई। इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था के साथ ट्रैफिक डायवर्जन आदि पर चर्चा की गई। जुलूस में डीजे न शामिल करने की अपील की गई। यह जुलूस नबी के लिए निकाला जा रहा है तो नबी की सीरत को भी लोग मानें। डीजे की तेज आवाज से लोगों को बहुत परेशानी  होती है। इसलिए अंजुमनें सिर्फ एक माइक लगाकर नबी की शान में नातों का नजराना पेश करते हुए चलें। इससे मुसलमानों के साथ ही अन्य लोगों पर अच्छा असर पड़ेगा।

आजादी के पहले से ही कानपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जा रहा है। पहले तो जमीयत उलमा ने इसका आगाज किया था लेकिन बाद में शहर की सैकड़ों अंजुमनें इसमें जुड़ गईं। इसीलिए जमीयत के लोगों ने कोतवाली  डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता और एडिशनल डीसीपी ईस्ट शिवा सिंह के साथ बैठक कर इस पर चर्चा की। बैठक में अध्यक्ष डॉ. हलीम उल्लाह खान, उपाध्यक्ष जुबैर अहमद फारूकी, सचिव कारी अब्दुल मुईद चैधरी, मौलाना अंसार अहमद जामेई, मुफ्ती इजहार मुकर्रम कासमी और मौलाना मुहम्मद अकील जामेई शामिल रहे। जुलूस 26 अगस्त को निकाला जाएगा। सभी अंजुमनें परेड ग्राउंड में जमा होंगी। वहां से जुलूस अपने कदीमी रास्तों से निकलेगा। जुलूस में अंजुमनें पिकअप वाहनों में

साउंड सिस्टम लगाकर बच्चों को बैठा लेते हैं। यह नियम के खिलाफ है। इस बार इस पर सख्ती से रोक लगाने की बात कही गई। झंडों को बांस पर ही लगाने के लिए कहा गया है। लोहे के राड बिजली के तारों से छूने पर हादसे हो जाते हैं। झंडे भी छोटे रखने की अपील की गई है।

बैठक में मौजूद नगर निगम और बिजली विभाग (केस्को) के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि परेड ग्राउंड सहित पूरे रूट की सफाई, जर्जर रास्तों की मरम्मत और बिजली के तारों को दुरुस्त करने का काम समय से पहले पूरा कर लिया जाए।

बैठक के तुरंत बाद एसएचओ सहित सभी संबंधित अधिकारियों ने जमीयत उलमा के प्रतिनिधिमंडल के साथ परेड ग्राउंड से लेकर नवीन मार्केट, क्रिस्टल पार्किंग और सद्भावना चैकी होते हुए नई सड़क तक रूट का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कमियों का बारीकी से जायजा लिया और उन्हें जल्द से जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।

ASIF HUSAIN

ASIF HUSAIN EDITOR मैंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से हिंदी साहित्य में परास्नातक (मास्टर) करने के बाद ट्रांसलेशन में पीजी डिप्लोमा किया। इसके बाद पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया। 1997-98 में राष्ट्रीय सहारा में ट्रेनिंग की। इसके बाद 1998 में अमर उजाला कानपुर में ज्वाइन किया। अमर उजाला में कानपुर में रिपोर्टिंग की। गाजीपुर, चंदौली, भदोही, इटावा में ब्यूरोचीफ के पद पर रहा। इसके अलावा मुरादाबाद में संभल डेस्क प्रभारी रहा। झांसी में देहात डेस्क प्रभारी रहा। साथ में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग की। 2023-24 में अमर उजाला में सीनियर सब एडिटर पद से स्वैच्छिक रिटायरमेंट लिया। इसके बाद अपना यूट्यूब चैनल ‘ब्रिलियंट टाइम’ नाम से बनाया। वीकली अखबार भी इसी नाम से निकाला। ‘द्वाबा सम्राट हिंदी दैनिक’ में देश और विदेश पर लेख लिखे। वर्तमान में हिंदुस्तान संदेश से बतौर एडिटर जुड़ा हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button