रायबरेली : सीएम योगी का अजय राय पर तीखा हमला

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली पहुंचे।सीएम ने 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में शामिल हुए। सीएम ने लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार का बटन दबाकर लोकार्पण किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस और उसके प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर तीखा हमला बोला। सीएम ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन करने के बाद कथित तौर पर मछली भोज का आयोजन करने के लिए अजय राय के आचरण पर सवाल खड़े किए। सीएम ने कहा कि एक तरफ राम-राम चिल्लाने और बजरंगबली के दरबार में दंडवत होने का ढोंग किया जा रहा है,वहीं दूसरी तरफ बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाई जा रही है। सीएम ने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र करार दिया।साथ ही सीएम ने अजय राय के भाई अवधेश राय हत्याकांड का भी जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुराना इतिहास रहा है,इनके भाई की हत्या एक दुर्दांत माफिया ने की थी,ये व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने नहीं गया, बल्कि उसके सामने घुटने टेक नतमस्तक हो गया,ये व्यक्ति उस दुर्दांत माफिया के सामने अपने भाई के हत्यारे के सामने घुटने टेक चुका था।वो तो हमारी सरकार आई,जिसने उस माफिया को रगड़कर उसकी भूसी निकाल दी,नहीं तो इन लोगों ने तो प्रदेश को माफिया प्रदेश बना दिया था। सीएम योगी ने कहा कि जब हम एक होकर लड़ाई आगे बढ़ाएंगे,तभी देश की स्वाधीनता बनी रहेगी। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग देश की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान नहीं करते।मछली खानी ही थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खाते।गिरगिट भी इनका रूप देखकर शरमा जाएगा।



