गाजीपुर : दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम, दांव-पेंच से दर्शकों का जीता दिल

शेरपुर के अखाड़े में गूंजा तालियों का शोर, 50 हजार की कुश्ती भी रही बराबरी पर
त्रिलोकी नाथ राय / गाजीपुर। अष्ट अमर शहीदों की स्मृति में शेरपुर में आयोजित परंपरागत इनामी कुश्ती दंगल में पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेंच से दर्शकों का दिल जीत लिया। छोटे से लेकर बड़े जोड़ के मुकाबलों तक अखाड़े में रोमांच बना रहा। 50 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में मुगलसराय के सुमीत पहलवान और हरियाणा के बृजेश पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ । आदित्य ने विनोद को चित किया, जबकि शेरपुर के मृत्युंजय पहलवान ने सौरभ को पटकनी देकर खूब तालियां बटोरीं। सलमान और गोरखपुर के सूरज का मुकाबला भी बराबरी पर छूटा। बलिया केसरी अर्जुन और रमन पहलवान के बीच भी कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन दोनों में से कोई बाजी नहीं मार सका । मुख्य अतिथि जयानंद राय ने फीता काटकर दंगल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती ग्रामीण क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा है और ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी के पहलवानों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। बड़े पहलवानों के मुकाबले देखकर युवा पहलवान उनके दांव-पेंच भी सीखते हैं। साक्षी टेंडर्स के अजय राय ने विजेता पहलवानों को उपहार देकर सम्मानित किया। पूर्व पहलवानों को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता पीयूष राय अवध किशोर राय, राजेश राय बागी, ज्ञानेंद्र पहलवान, आनंद राय, दीपक पहलवान, विकास राय, इंद्रासन राय, जुबेर अहमद, दामोदर राय, हरेंद्र पहलवान, पवन सिंह, वसीम खां सहित हजारों दर्शक मौजूद रहे।



