देवरिया : स्कूल बस की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया । जनपद में गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवगांव मोड़ के समीप एसबीटी विद्यालय की स्कूल बस का आगे का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के कारण बस अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ई-रिक्शा में टक्कर मर दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि बच्चों और शिक्षकों समेत कई लोग घायल हो गए।हादसे में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी 34 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अकबर अली पुत्र मुकादिर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।अकबर अली की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद मौके पर भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि एसबीटी विद्यालय की बस हाटा-गौरीबाजार मार्ग पर बच्चों और शिक्षकों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान रामपुर चौराहे के समीप बस का अगला टायर अचानक फट गया।दुर्घटना में बस में सवार बच्चों और शिक्षकों को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, बस में सवार पांच शिक्षक और आठ बच्चे घायल हुए हैं। वहीं ई-रिक्शा में बैठे दो बच्चों के भी घायल होने की बात सामने आई है । हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया गया। सीएचसी गौरीबाजार में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर बस का अगला टायर फटना हादसे की वजह बताया जा रहा है। स्कूली बस और ई-रिक्शा की भिड़ंत की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बच्चों और शिक्षकों के घायल होने की जानकारी से लोगों में चिंता फैल गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



