आजमगढ़ : कांवड़ यात्रा से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

गोविंद लाल शर्मा/आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव निवासी एक युवक की कांवड़ यात्रा से लौटते समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, परसौरा गांव के करीब 50 युवक रविवार को कांवड़ यात्रा पर निकले थे। पवित्र जल लेकर लौटते समय रविवार देर रात करीब 12:45 बजे वाराणसी जिले में एक टोल प्लाजा के पास विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में संदीप गुप्ता (पुत्र गुलाब गुप्ता) और राकेश (पुत्र सहंगी) गंभीर रूप से घायल हो गए।साथ में चल रहे अन्य कांवड़ियों ने दोनों घायलों को तत्काल लालगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने संदीप गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं राकेश का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
घटना के बाद संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी भेजा गया, जहां परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। सोमवार सुबह हादसे की खबर गांव पहुंचते ही पूरे परसौरा गांव में मातम छा गया। संदीप की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



