गाजीपुर : तिरंगे की शान में जंगीपुर में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब
मोटरसाइकिलों के काफिले ने भरी देशप्रेम की हुंकार, जंगीपुर मंडी से बिरनो तक गूंजा भारत माता का जयघोष, शहीदों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर सपूतों को किया नमन

त्रिलोकी नाथ राय/गाजीपुर। विधानसभा क्षेत्र 376 जंगीपुर के बिरनो मंडल में सोमवार को राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की अद्भुत तस्वीर देखने को मिली। जंगीपुर मंडी से भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें लगभग 500 मोटर- साइकिलों पर सवार कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रप्रेमियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का संदेश दिया। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और वीर शहीद अमर रहें के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने संयुक्त रूप से किया। जंगीपुर मंडी से प्रारंभ हुई यात्रा जंगीपुर बाजार, शेखपुर, गन्नापुर होते हुए बिरनो थाना पहुंची। यहां अमर शहीद कमलेश सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा बिरनो गांव होते हुए बिरनो ब्लॉक पहुंची, जहां अमर शहीद निरंजन राजभर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया गया। इसके साथ ही तिरंगा यात्रा का भव्य समापन हुआ।पूरे यात्रा मार्ग पर लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। मोटरसाइकिलों के विशाल काफिले में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने वातावरण को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

देश की आन-बान-शान का प्रतीक है तिरंगा : कृष्ण बिहारी राय
प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान के लिए देश के वीर जवानों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम सभी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना तथा युवा पीढ़ी को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि देश के वीर शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके त्याग और शौर्य से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भारत माता की सेवा और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। तिरंगा हमारे गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से पूरे जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और देश के प्रति समर्पण का संदेश पहुंचाया गया है।उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिक जिस अदम्य साहस के साथ राष्ट्र की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार देश के प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है कि वह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। तिरंगा यात्रा में पूर्व जिला अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, जिला महामंत्री अवधेश राजभर, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह एवं सुधाकर कुशवाहा, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य मुराहू राजभर, जिला मंत्री हंसराज राजभर, पूर्व जिला मंत्री राकेश यादव, मंडल अध्यक्ष सुनील कुशवाहा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मन्नू राजभर, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कुंवर रमेश सिंह, वरिष्ठ नेता संकठा प्रसाद मिश्रा, जिला सह मीडिया प्रभारी प्रमोद राय, जिला सहसंयोजक आईटी विभाग अमित तिवारी, पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि लालजी गुप्ता, युवा नेता आलोक तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अभिमन्यु सिंह, विवेकानंद पाण्डेय सहित बिरनो मंडल के बड़ी संख्या में सम्मानित कार्यकर्ता मौजूद रहे। लगभग 500 मोटरसाइकिलों के विशाल काफिले के साथ निकली तिरंगा यात्रा ने जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण बना दिया। कार्यकर्ताओं के हाथों में लहराते तिरंगे और भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के दौरान शहीदों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया गया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।



