Slide 1
Slide 1
राजनीति

देवरिया : जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा अल्पसंख्यक सभा का प्रदर्शन

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया । समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जनपद रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। इसमें विश्वविद्यालय की इमारतों पर प्रस्तावित कार्रवाई रोकने और मामले की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष जैनुल अख्तर अंसारी ने किया। दोपहर करीब 2 बजे कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में कहा गया कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को बिना स्वीकृत नक्शे के निर्मित बताते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया है। संगठन का कहना है कि यदि निर्माण या भूमि संबंधी कोई अनियमितता है तो उसका समाधान कानून के तहत जुर्माना या अन्य वैधानिक प्रक्रिया अपनाकर किया जाना चाहिए, न कि शैक्षणिक संस्थान को ध्वस्त करके। सपा नेताओं ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय केवल भवनों का समूह नहीं है, बल्कि हजारों छात्र-छात्राओं की शिक्षा और भविष्य इससे जुड़ा हुआ है। यदि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होती है तो वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ाई, डिग्री और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक निर्णय से पहले विद्यार्थियों के हित, शिक्षा व्यवस्था और जनहित पर पड़ने वाले प्रभाव का गंभीरता से आकलन किया जाना चाहिए।ज्ञापन में राज्यपाल से अनुरोध किया गया कि प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए, ताकि विश्वविद्यालय का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके तथा विद्यार्थियों के हित सुरक्षित रह सकें। प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के कई पदाधिकारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button