मिर्जापुर : दोस्तों संग पिकनिक मनाने आए दो सैलानी सुखदरिया दरी में डूबे
गोताखोरों की मदद से एक शव बरामद, दूसरे की देरशाम तक चलती रही तलाश

तारा त्रिपाठी / मीरजापुर । वाराणसी के रामनगर से रविवार दोस्तों संग पिकनिक मनाने आए दो सैलानी सुखदरिया दरी में डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक शव बरामद गया कर लिया गया है। जबकि दूसरे की एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों से खोजबीन करा रही है।वाराणसी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर रामपुर निवासी 30 वर्षीय विकास झा व 29 वर्षीय अजय कश्यप अपने 13 दोस्तों के साथ दोपहर अहरौरा के सुखदरिया दरी पर पिकनिक मनाने पहुंचे। शाम लगभग पांच बजे सभी भोजन कर रहे थे। उसी दौरान विकास और अजय दोनों दरी में नहाने चले गए। स्नान करते समय अचानक दोनों गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे। चीख पुकार सुनकर अन्य साथी मौके पर पहुंचे। दोनों को बचाने का प्रयास किया। साथियों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरु कराई। कुछ देर बाद विकास का शव बरामद कर लिया। देर शाम तक अजय का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ लापता सैलानी की तलाश कर रही है। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन भी अहरौरा पहुंच गए। मृतक विकास रामनगर में पूजा पाठ कराकर आजीविका चलाता था। तीन बच्चे साक्षी, वंसित और अंशिका है। मौत से तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठा गया। वहीं लापता अजय रामनगर स्थित एक प्राईवेट बैंक में कर्मी है। उसकी 11 जुलाई को शादी हुई है। बताया जा रहा हैकि वह अपने दोस्तों को शादी की पार्टी देने के लिए सुखदरिया दरी आया था। लालगंज थाना क्षेत्र स्थित कुशियरा जलप्रपात में रविवार को स्नान के दौरान भदोही का एक युवक डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने डूब रहे युवक को किसी तरह बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में भर्ती कराया। भदोही जिले के खम्हरिया निवासी 25 वर्षीय आजाद अली अपने चार साथियों के साथ कुशियरा जलप्रपात पर पिकनिक मनाने आया था। सभी स्नान कर रहे थे। उसी दौरान आजाद अली गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पानी में उतरकर डूब रहे युवक को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। वाराणसी के रामनगर से 15 की संख्या में सैलानी पिकनिक मनाने आए थे। सुखदरिया दरी में नहाते समय दो सैलानी डूब गए। एक का शव बरामद कर लिया, दूसरे की तलाश चल रही। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।



