Slide 1
Slide 1
उत्तर प्रदेश

लखनऊ : आगामी त्योहारों के दृष्टिगत प्रदेश में कानून – व्यवस्था बनाए रखने डीजीपी ने ऑनलाइन बैठक में दिए दिशा-निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आगामी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराए जाने  दिए निर्देशों एवं अपेक्षाओं के अनुरूप पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा एवं अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, अमिताभ यश ने समस्त जोनल अपर पुलिस महानिदेशक/पुलिस आयुक्त, परिक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक प्रभारी जनपद को आगामी त्योहारों यथा धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज एवं छठ आदि के दृष्टिगत प्रदेश में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण हेतु ऑनलाइन बैठक के माध्यम से दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रभावी एवं इंटेलिजेंट पेट्रोलिंग तथा बाजारों में पुलिस की उपस्थिति रहे। व्यस्त बाजारों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर शाम के समय वरिष्ठ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं पेट्रोलिंग की जाए। पेट्रोलिंग से पूर्व संबंधित क्षेत्र में घटित आपराधिक घटनाओं अपराध के पैटर्न एवं पुलिसिंग से जुड़ी समस्याओं का विस्तृत विश्लेषण कर लिया जाए। फुट पेट्रोलिंग के दौरान केवल क्षेत्र में भ्रमण तक सीमित न रहते हुए स्थानीय दुकानदारों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी प्राप्त की जाए। उनका मौके पर ही यथासंभव समाधान सुनिश्चित किया जाए। क्षेत्र की संवेदनशीलता एवं अपराध की प्रकृति के अनुरूप प्रभावी पिकेट एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। बीट पुलिसकर्मियों एवं बीट आरक्षियों को अपने क्षेत्र के गांवों एवं मोहल्लों में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण एवं तस्करी से संबंधित दृश्य संकेतकों (Visible Indicators) की पहचान के लिए विशेष रूप से संवेदनशील एवं प्रशिक्षित किया जाए। बीट आरक्षियों को अपने क्षेत्र में मादक पदार्थों, अवैध असलहों एवं संगठित अपराधियों के नेटवर्क के संबंध में गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय बीट सूचनाएं संकलित करने हेतु नियमित रूप से ब्रीफ किया जाए तथा प्राप्त सूचनाओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यूपी-112 की गाड़ियां आपातकालीन प्रतिक्रिया के साथ-साथ अपने निर्धारित क्षेत्र में सामान्य परिस्थितियों में धीमी गति से निरंतर पेट्रोलिंग करें। विशेष रूप से शाम 6-7 बजे के बाद निर्धारित अंतराल पर सायरन बजाकर पुलिस की उपस्थिति प्रदर्शित की जाए।

यातायात व्यवस्था का प्रभावी संचालन
त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव एवं जाम की समस्या के दृष्टिगत ट्रैफिक ड्यूटी का पुनर्गठन किया जाए । उपलब्ध अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों का समुचित उपयोग करते हुए प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। यातायात का सुचारु एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाए। पटाखों की दुकानें खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर तथा मुख्य बाजार से अलग निर्धारित स्थानों पर लगाई जाए । सभी दुकानों के लिए अस्थायी लाइसेंस की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए। दुकानों पर पानी, रेत एवं अग्निशमन यंत्र सहित आवश्यक सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहेंगे। प्रदेश में सभी अस्थायी पटाखा दुकानों एवं पटाखों के भंडारण स्थलों की सघन जांच शीघ्र पूर्ण कराते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। पिछले पांच वर्षों में पटाखों से संबंधित दुर्घटनाओं में हुई मौतों के दृष्टिगत दुर्घटनाओं एवं जनहानि की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए ।

अग्निशमन व्यवस्था एवं विशेष सतर्कता

दीपावली से पूर्व से लेकर दीपावली एवं छठ पर्व तक अग्निशमन विभाग के कार्मिकों को अलर्ट रखा जाए। संवेदनशील स्थलों पर अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता एवं त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए। पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु सभी आवश्यक एहतियाती उपाय किए जाए ।

महिला सुरक्षा एवं सार्वजनिक परिवहन में सतर्कता

भैया दूज पर महिलाओं की आवाजाही बढ़ने के दृष्टिगत सार्वजनिक परिवहन एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए । बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन एवं महत्त्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए । महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु पुलिस की उपस्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रखी जाए ।

अपर पुलिस महानिदेशक, कानून-व्यवस्था ने अपराध नियंत्रण एवं संगठित अपराधियों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश

आपराधिक घटनाओं के खुलासे के उपरांत विवेचना एवं कार्रवाई को केवल घटना के अनावरण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संलिप्त गैंग के पूरे नेटवर्क, उसके विस्तार एवं अंतर-जनपदीय संबंधों की गहनता से जांच की जाए। अभियुक्तों से गहन पूछताछ कर अवैध असलहों की आपूर्ति के स्रोत एवं पूरी सप्लाई चेन तथा मादक पदार्थों की तस्करी एवं आपूर्ति के नेटवर्क का पता लगाकर उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। जनपदीय पुलिस द्वारा किसी गैंग के खुलासे तक ही कार्रवाई सीमित न रखी जाए। गैंग के व्यापक नेटवर्क एवं अन्य जनपदों में उसकी गतिविधियों का पता लगाने हेतु एसटीएफ एवं अन्य जनपदों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button